अज्ञात वाहन की चपेट में आने से युवक की मौत
बिहार के बेतियां का रहने वाला था रहमत अली
इंदिरानगर मोहल्ले में स्थित ससुराल आ रहा था
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। रामपुर कारखाना के बैकुंठपुर गांव के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। घटना शुक्रवार की देर की है। सूचना मिलने पर परिवार और ससुरालवालों में कोहराम मच गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव को परिवारवालों को सौंप दिया। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के बेतियां बसवरियां वार्ड नंबर 28 निवासी रहमत अली (40) की ससुराल इंदिरानगर मोहल्ले में है। शुक्रवार की देर रात वह बाइक से ही ससुराल आ रहा था। अभी वह रामपुर कारखाना के बैकुंठपुर गांव के पास पहुंचा था कि किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। उसके पास मिले कागजात से पहचान कर परिवार और ससुरालवालों को जानकारी दी। सूचना मिलने पर ससुराल के लोग मौके पर पहुंचे। रहमत अली की मौत से पत्नी जबीना, बेटियां मुस्कान, महक और बेटों मासूम, सैफ का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। शनिवार को रामपुर कारखाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिवारवालों को सौंप दिया। इस बाबत रामपुर कारखाना एसओ राजेश सिंह ने बताया कि किसी वाहन की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। कार्रवाई कर शव को परिवारवालों को सौंप दिया गया।
आयुष विभाग के पास मिला अज्ञात शव
देवरिया। जिला चिकित्सालय परिसर स्थित आयुष विभाग के पास शनिवार की सुबह 40 वर्षीय अज्ञात युवक का शव मिला। अस्पताल के एक कर्मचारी ने देखा तो उसे इमरजेंसी ले गया। चिकित्सक ने मृत घोषित कर शव को मोर्चरी में रखवा दिया। उसके पास कोई कागजात नहीं मिला। जिससे कि उसकी पहचान हो सके। जिला अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को सूचना दे दिया। पुलिस युवक के बारे में जानकारी जुटा रही है।