किशोर ने बच्ची के साथ किया दुष्कर्म
मासूम को खोजते हुए पहुंचे परिजन तो दृश्य देख रह गए सन्न
पुलिस ने आरोपी किशोर को पकड़ा, एसपी भी मौके पर गए
अमर उजाला ब्यूरो
बघौचघाट। तरकुलवा थानाक्षेत्र के एक गांव में तीन साल की बच्ची को अपने घर बुलाकर किशोर ने दुष्कर्म किया। परिवारवाले बच्ची को ढूंढते आरोपी के घर पहुंचे तो वह बेहोशी की हालत में बिस्तर पर पड़ी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मासूम को हॉस्पिटल भेजवाया। आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
गांव निवासी एक शख्स की तीन साल की बच्ची सोमवार की दोपहर अपने दरवाजे पर खेल रही थी। उसी दौरान पड़ोस का किशोर (16) ने बच्ची को टॉफी खरीदने के लिए दो रुपये दिया और फुसलाकर अपने घर में ले गया। वहां मासूम के साथ दुष्कर्म किया। काफी देर तक मासूम के नहीं लौटने पर घरवाले उसे खोजते हुए किशोर के घर पहुंचे तो दृश्य देख सन्न रह गए। मासूम बेहोश पड़ी थी। आरोपी वहीं चुपचाप बैठा था। मासूम के परिवारवालों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बच्ची को पथरदेवा पीएचसी भेज दिया। यहां से डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। उसके विरुद्ध दुष्कर्म, पॉक्सो और दलित उत्पीड़न सहित कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया। थानाध्यक्ष नरेन्द्र प्रताप राय ने बताया कि केस दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। उसे किशोर न्यायालय में पेश किया जाएगा। वहीं, एसपी डॉ. श्रीपति मिश्र रात साढ़े सात बजे पीड़ित के परिवारवालों से मिलकर पूरी जानकारी ली। उन्होंने बताया कि आरोपी भी नाबालिग है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। एसओ नरेंद्र प्रताप राय को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।