पिटाई से क्षुब्ध होकर ट्रक चालक ने दी थी लूट की झूठी सूचना
ट्रक के केबिन से देर रात बरामद हुए 42300 और सुबह जेब से मिले 7700 रुपये
अमर उजाला ब्यूरो
खुखुंदू। स्थानीय चौराहे पर शुक्रवार की देर शाम ट्रक चालक की पिटाई कर 50 हजार रुपये लूट का मामला पुलिस की पड़ताल में झूठा निकला। घंटों छानबीन के बाद देर रात पुलिस ने ट्रक के केबिन से 42300 और चालक की जेब से 7700 रुपये बरामद किए। झूठी सूचना देने पर चालक को फटकार लगाई। माफीनामे के बाद उसे छोड़ा गया।
बिहार के आरा जिले के उदवंतनगर निवासी दशरथ यादव शुक्रवार की शाम को बालू गिराकर देवरिया की तरफ से लौट रहा था। आरोप था कि खुखुंदू चौराहे के पास लग्जरी कार सवार कुछ लोगों ने ओवरटेक कर ट्रक रोक लिया। इसके बाद चालक की जमकर पिटाई की। घायलावस्था में थाने पहुंच चालक ने बालू बिक्री सहित पास रखे करीब 50 हजार रुपये लूटने का कार सवारों पर आरोप लगाया। लूट की सूचना मिलते पुलिस के पसीने छूटने लगे। हरकत में आई पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू की। लोगों की भीड़ ने कार सवारों को पकड़ लिया। देर रात तक चली पूछताछ के बाद पुलिस ने रात को ही ट्रक के केबिन से 42300 और शनिवार की सुबह चालक की जेब से 7700 रुपये बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक चौरीचौरा थाना के विलारी निवासी विशाल कुमार अपने कुछ साथियों के साथ लग्जरी कार से भटनी मठिया मंदिर पर दर्शन करने जा रहे थे। ट्रक चालक एक बाइक सवार को टक्कर मारकर भाग रहा था। ओवरटेक कर उसकी पिटाई कर दी। इंस्पेक्टर श्यामलाल यादव ने बताया कि चालक ने पिटाई से नाराज होकर थाने पहुंच लूट की झूठी सूचना दी थी। ट्रक मालिक को बरामद 50 हजार रुपये लौटा दिया गया है। आरोपी और चालक के सुलह करने पर छोड़ दिया गया।