बेटा-बहू की प्रताड़ना से तंग बुजुर्ग दंपती ने खाया जहर
तरकुलवा थानाक्षेत्र के सकतुआ गांव का मामला
इलाज के बाद हालत हुई सामान्य तो फूट-फूट कर रोए दंपती
अमर उजाला ब्यूरो
बघौचघाट। जिस बेटे को बुढ़ापे की लाठी बननी थी, उसी की प्रताड़ना से क्षुब्ध होकर एक बुजुर्ग दंपती ने जहर खाकर जान देने की कोशिश की। दोनों ही शराबी बेटे और बहू के कृत्यों से परेशान थे। हालांकि आसपास के लोगों की सक्रियता से दंपती को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जिससे उनकी जान बच गई। इतना कुछ होने के बाद भी माता-पिता ने बेटे के खिलाफ कोई तहरीर नहीं दी। मौके पर पुलिस पहुंची तो जरूर, लेकिन तहरीर के अभाव में बिना कार्रवाई किए लौट आई। मामला तरकुलवा थाना क्षेत्र के एक गांव का है।
तरकुलवा थाना के सकतुआ गांव निवासी दंपती के तीन बेटे हैं। सबसे बड़ा बेटा सफाईकर्मी है, जबकि बहू शिक्षामित्र है। संयुक्त परिवार में कमाऊ सदस्य होने के बड़े बेटे की ही चलती है। बताते हैं कि शनिवार को दंपती ने जहर खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर लोगों को जानकारी हुई तो आनन-फानन में उन्हें पथरदेवा सीएचसी ले जाया गया। उपचार के बाद उनकी हालत सामान्य हुई। होश में आने पर दोनों फूट-फूट कर रोने लगे। डॉक्टरों के पूछने पर दंपती ने बताया कि लड़का रोज शराब पीकर आता है और उन्हें बुरी तरह पीटता है। उसकी पत्नी भी हमें खाना नहीं देती। बीमार होने पर दवा नहीं कराने देती। इससे आजिज आकर हमलोगों ने जहरीला पदार्थ खा लिया। अब जीने की इच्छा नहीं है, साहब हमें मर जाने दीजिए। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की। पथरदेवा चौकी इंचार्ज जितेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस मौके पर गई थी। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलती है तो मुकदमा दर्ज किया जाएगा।