जिला अस्पताल के पैथालॉजी विभाग में बवाल के बाद पैथालॉजी विभाग बंद होने के चलते घंटो परेशान रहे मर
- फोटो : DEORIA
कंप्यूटर ऑपरेटर को पीटा, काम ठप
जिला अस्पताल के पैथालॉजी में हंगामा
पुलिस के पहुंचने पर भागा युवक, शुरू हुई जांच
हड्डी रोग विभाग में भी होमगार्डों और लोगों से हाथापाई
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। जिला अस्पताल की पैथालॉजी में मंगलवार को एक युवक ने कंप्यूटर ऑपरेटर की पिटाई कर दी। इससे नाराज कर्मचारियों ने काम ठप कर दिया। मामला बढ़ता देख मारपीट करने वाला युवक भाग गया। पुलिस के पहुंचने के बाद मामला शांत हुआ। करीब एक घंटे बाद फिर से काम शुरू हुआ। उधर, हड्डी रोग विभाग में भी होमगार्डों और मरीजों के बीच हाथापाई हुई।
पैथालॉजी विभाग में रवि भारती कंप्यूटर ऑपरेटर है। मंगलवार को मरीजों की भीड़ अधिक होने के कारण रजिस्ट्रेशन कराने के लिए कतार लगी थी। सभी को दरकिनार कर एक युवक कंप्यूटर ऑपरेटर के पास पहुंचा और रजिस्ट्रेशन की बात कही। अन्य मरीजों ने इसका विरोध किया तो रवि ने रजिस्ट्रेशन से मना कर दिया। यह बात युवक को नागवार लगी। गुस्से में उसने ऑपरेटर की पिटाई कर दी। मारपीट होने से पैथालॉजी सेंटर में अफरातफरी मच गई। 10 से 11 बजे तक जांच कार्य प्रभावित रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी को बाहर निकाल फिर से कतार लगवाया। उसके बाद जांच शुरू हुई। वहीं पास में मौजूद हड्डी रोग विभाग के ओपीडी में लोग कतार लगाने को लेकर होमगार्ड से उलझ गए। तीन डॉक्टरों के बजाए ओपीडी में सिर्फ एक हड्डी के डॉक्टर बैठे थे। जिला अस्पताल में आए मरीजों को दुश्वारियां झेलनी पड़ी। सीएमएस डॉ. छोटेलाल ने बताया कि कर्मचारी साथ एक युवक ने मारपीट की थी। जिन होमगार्डों की ड्यूटी लगी है, वह इधर-उधर घूमते रहते हैं। इसलिए आए विवाद हो जाता है।