नगर में चल रही आशीष गुप्त डे-नाइट क्रिकेट प्रतियोगिता का दूसरा दिन
संवाद न्यूज एजेंसी
भटनी। नगर के हरिकीर्तन मोहल्ला में चल रही स्व. आशीष गुप्त डे-नाइट क्रिकेट प्रतियोगिता में दूसरे दिन बुधवार शाम को दो मुकाबले खेले गए। इसमें देवरिया ने हथुआ (बिहार) और भटनी बहादुर यादव मेमोरियल कॉलेज की टीम ने लार को हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की की। आयोजक मंडल ने दोनों विजेता टीमों के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
प्रतियोगिता में पहला मुकाबला देवरिया और हथुआ (बिहार) के बीच खेला गया। देवरिया की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 8 ओवरों में 39 रन बनाए। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी हथुआ की टीम 29 रन ही बना सकी। वहीं, दूसरा मैच बहादुर यादव मेमोरियल कॉलेज भटनी और लार के बीच खेला गया। लार के कप्तान अभिषेक ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। लार की टीम ने निर्धारित 8 ओवरों में सात विकेट के नुकसान पर 23 रन बनाया। जवाब में उतरी बहादुर यादव मेमोरियल पीजी कॉलेज की टीम ने चार विकेट के नुकसान पर आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया।
देवरिया और कॉलेज की टीम अपने मुकाबले जीत क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई है। देवरिया के पवन और कॉलेज टीम के बंटी को मैन ऑफ द मैच पुरस्कार से नवाजा गया।
इस दौरान आकाश कुमार गुप्त, सलीम अली, मोनू मद्देशिया, अनीश रजा, किशन वर्मा, आदित्य कुमार, विशाल वर्मा, मेहताब आलम आदि उपस्थित रहे।