नवविवाहिता का वीडियो वायरल, पति ने रिश्ता तोड़ा
प्रेमी की करतूत से परेशान विवाहिता ने एसपी से मिलकर लगाई गुहार
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। चार वर्ष तक प्रेमजाल में फंसाकर उत्पीड़न करने वाले प्रेमी ने नवविवाहिता का आपत्तिजनक वीडियो ससुराल वालों को भेज दिया है। वीडियो देख पति ने रिश्ता तोड़ लिया। अब प्रेमी घर पहुंचकर उपद्रव कर रहा है। स्थानीय पुलिस से कोई मदद नहीं मिलने पर नवविवाहिता ने मंगलवार को पुलिस ऑफिस पहुंच न्याय की गुहार लगाई।
लार थानाक्षेत्र के एक युवती का संपर्क बरहज थानाक्षेत्र के एक गांव के युवक से था। दोनों अलग-अलग वर्ग के थे। चार वर्षों तक दोनों से संपर्क रहा। युवती ने युवक पर शादी के लिए दबाव बनाया तो दूसरे वर्ग होने का हवाला देते हुए इन्कार कर दिया। बीते 15 जून को युवती की शादी घरवालों ने दूसरी जगह कर दी। शादी के बाद प्रेमी युवती को फोन कर परेशान करने लगा। अश्लील वीडियो व तस्वीर वॉयरल करने की धमकी देकर एक लाख रुपये की मांग की। नहीं देने पर उसके पति को अश्लील वीडियो भेज दिया। ससुराल वाले महिला को घर में रखने से मना कर दिए। इन दिनों वह अपने मायके में रह रही है। इसके घर प्रेमी पांच युवकों को लेकर पहुंचा था और मारपीट की और हत्या की धमकी दी। 17 जून को महिला ने पिता के साथ एसपी मिलकर न्याय की गुहार लगाई। एसपी ने कार्रवाई का निर्देश दिया, लेकिन अभी तक कुछ भी नहीं हुआ। एसपी डॉ. श्रीपति मिश्र ने बताया कि प्रकरण संज्ञान में है, जांच के लिए निर्देश दिया हूं।