सलेमपुर। भटनी-वाराणसी रेल मार्ग पर सलेमपुर-पिवकोल रेलवे स्टेशन के मध्य चकरवा ढाला के समीप अंडरपास बनवाने की मांग को लेकर क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्य के नेतृत्व में लोगों ने शुक्रवार को तहसील पहुंचकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। एसडीएम ने लोगों की समस्या को देखते हुए इसे उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।
रेल लाइन के दोहरीकरण होने के चलते करीब एक दर्जन से अधिक गांवों के लिए रेल लाइन पार करना मुश्किल सा हो गया है। काफी दिनों से अंडरपास बनाने की मांग क्षेत्र के लोग करते चले आ रहे हैं। रेल विभाग की तरफ से इस पर कोई पहल न किए जाने के चलते शुक्रवार को जिला पंचायत सदस्य रेनू यादव के नेतृत्व में दर्जनों की संख्या में पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याओं से अवगत कराते हुए एक ज्ञापन सौंपा। इस दौरान हरेराम यादव, ग्राम प्रधान राम सिंह, गुलाब यादव, उदय प्रताप यादव आदि शामिल रहे।