मेरिट के अाधार पर पुलिस भर्ती में शामिल अभ्यर्थियों ने प्रदर्शन कर विरोध जताया।
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। इलाहाबाद हाईकोर्ट की तरफ से पुलिस भर्ती प्रक्रिया के परिणाम रोक दिए जाने से नाराज सैकड़ों युवकों ने विरोध प्रदर्शन किया। स्टेडियम से जुलूस निकाल कर डीएम कार्यालय पहुंचे और मुख्यमंत्री को संबोधित शिकायती पत्र दिया। तत्काल रिजल्ट घोषित करने की मांग की गई है। करीब डेढ़ माह से लटक रहे परिणाम को लेकर अभ्यर्थी परेशान हैं।
पुलिस भर्ती प्रक्रिया पर रोक लगाए जाने से नाराज हरेंद्र यादव, अजय कुमार, अशोक, दीपक सतेंद्र, सत्येंद्र गौंड, अमर, विवेक, राजू यादव सहित कई लोगों का कहना था कि दिसंबर 15 में विभिन्न पदों पर पुलिस विभाग की ओर से भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई थी। 34716 पदों में 5800 महिलाओं की भर्ती हुई।
प्रक्रिया पूूरी हुई। इसी दौरान कुछ लोगों ने मामले को कोर्ट में लटका दिया। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने रणविजय सिंह बनाम राज्य सरकार की ओर से दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए 27 मई को परिणाम पर कोर्ट ने रोक लगा दी। अभ्यर्थियों का कहना है कि तत्कालीन सरकार की तरफ से पैरवी भी नहीं की गई। जिससे मामला लट गया। मंगलवार को चयनित अभ्यर्थियों ने स्टेडियम से जुलूस निकाल कर प्रदर्शन किया। डीएम कार्यालय पर पहुंचकर नारेबाजी की। उन्होंने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन भी सौंपा।