संवाद न्यूज एजेंसी
सलेमपुर/देवरिया। खेत में चारा काटने गए बुजुर्ग पर बृहस्पतिवार की सुबह करीब 8:30 बजे कुछ लोगों ने लोहे की रॉड व लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया गया। बीच-बचाव करने आईं पत्नी और बेटी की भी पिटाई कर दी गई।
इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। हालांकि, वायरल वीडियो की संवाद न्यूज एजेंसी पुष्टि नहीं करती है। यह घटना सलेमपुर क्षेत्र के नदौली की बताई जा रही है।
इस मामले में कोतवाली पुलिस ने हल्का दरोगा की तहरीर पर दोनों पक्षों की छह महिलाएं समेत 13 लोगों पर घर में घुसकर मारपीट समेत जान से मारने की धमकी के मामले में केस दर्ज किया है। पीड़िता चंदा यादव ने एसपी विक्रांत वीर को प्रार्थनापत्र सौंपकर आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है। उसने बताया कि बुधवार सुबह उनकी माता लालती देवी व पिता शिवकुमार खेत में चारा काट रहे थे, तभी गांव के राकेश यादव, लल्लन यादव, अनिल यादव, कमला देवी, प्रिंस यादव, बेबी देवी व रिंकू देवी लाठी-डंडे, लोहे की रॉड से लैस होकर पहुंचे और उनके पिता पर हमला कर दिया।
उसने कहा है कि स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप और 112 नंबर पर सूचना देने के बाद घायल को सीएचसी सलेमपुर लाया गया, जहां से गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर कर दिया गया।
उधर, जांच करने के बाद हल्का दरोगा जग नारायण राय ने दोनों पक्षों को आरोपी मानते हुए कोतवाली में तहरीर दी है।
पुलिस ने एक पक्ष की लीलावती देवी, शिवकुमार, तारा, चंदा, कंचन व सिपू तथा दूसरे पक्ष के राकेश यादव, लल्लन, अनिल, कमला देवी, प्रिंस यादव, बेबी देवी, रिंकू देवी पर घर में घुसकर मारने पीटने तथा जान से मारने की धमकी का केस दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है
एक पक्ष की पीड़िता का आरोप है कि पहले भी आरोपियों ने उसकी बहन के साथ छेड़खानी की थी। इस मामले में केस दर्ज है, मगर पुलिस ने कड़ी कार्रवाई नहीं की। प्रभारी कोतवाली धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि पुलिस मौके पर गई थी। हल्का दरोगा की तहरीर पर दोनों पक्ष के 13 लोगों पर घर में घुसकर मारपीट करने समेत जान से मारने की धमकी देेने का केस दर्ज कर लिया गया है।