देवरिया। दिल्ली एनसीआर की 10 से 15 वर्ष पुरानी गाड़ी खरीद कर जिले की सड़कों पर अब लोग फर्राटा नहीं भर पाएंगे। संभागीय परिवहन विभाग ने महराजगंज को छोड़ मंडल के सभी जिलों में ऐसे वाहनों के ट्रांसफर पर रोक लगा दी है।
नेशनल ग्रीन ट्रयूब्नल ने पिछले दिनों दिल्ली में प्रदूषण की मात्रा बढ़ने पर दिल्ली एनसीआर में काफी पुरानी डीजल-पेट्रोल के वाहनों के चलने पर रोक लगा दी। इस पर दिल्ली और केंद्र सरकार ने एनजीटी के निर्देश का पालन करते हुए एनसीआर में 10 वर्ष से अधिक समय के डीजल और 15 वर्ष तक के पेट्रोल वाहनों के सड़क पर दौड़ने पर पाबंदी लगा दी। ऐसे में एनसीआर में हजारों की संख्या में छोटे-बड़े वाहन खड़े हो गए।
इन वाहन स्वामी काफी सस्ते दर पर दूसरे प्रदेश के लोगों को वाहन बेचने लगे। दिल्ली से सटे होने के चलते उत्तरप्रदेश में बड़े पैमाने पर पुरानी वाहन खरीद कर लाई गईं। प्रदूषण और वाहनों की भीड़ को देखते हुए संभागीय परिवहन विभाग ने प्रदेश के लगभग 35 जनपदों में दूसरे प्रदेश के पुराने वाहन के रजिस्ट्रेशन की अनुमति दी। बाकी जगहों पर रोक लगा दी है। गोरखपुर मंडल में सिर्फ महराजगंज में पुराने वाहन का रजिस्ट्रेशन होगा।