रुद्रपुर क्षेत्र के कछार में लगी आग को बुझाने को जुटे युवक
सलेमपुर इलाके में कही आग लगे तो सब कुछ जलकर राख हो जाएगा, लेकिन दमकल की सेवा नहीं मिल पाएगी। क्योंकि सलेमपुर तहसील को जो दमकल मिला है उसकी पानी की टंकी फट गई है। चौबीस घंटे बाद भी जिम्मेदार डैमेज हुए पानी की टंकी को ठीक नहीं करा सके है। आग लगने पर देवरिया या भाटपारानी से दमकल बुलानी पड़ रही है।
आग पर काबू पाने के लिए तहसील मुख्यालयों पर फायर स्टेशन बनाया गया है। सलेमपुर इलाका बड़ा होने की वजह से यहां फायर ब्रिगेड का बड़ा वाहन उपलब्ध कराया गया है। वहीं बरहज और भाटपाररानी को पंप वाला छोटा वाहन मिला है। खुखुन्दू इलाके में मंगलवार की शाम आग बुझाने के बाद खेत से सड़क पर चढ़ाने के दौरान सलेमपुर की दमकल की पानी टंकी जमीन से टकराकर फट गई। तब से वाहन शोपीस बनकर कोतवाली के सामने खड़ा है।
डुमवलिया, मिश्रौली और पुरैनी में गेहूं की डंठल में आग लगने की घटना में भाटपाररानी से एक घंटे बाद दमकल पहुंचा। इस पर लोगों ने नाराजगी जाहिर की। इस बाबत प्रभारी कोतवाल शशिकांत पांडेय ने बताया कि सलेमपुर को जो आग बुझाने वाली गाड़ी मिली है। वह खराब हो गई है। इसकी जानकारी फायर ब्रिगेड के अधिकारियों को दी गई है। आग लगने पर भाटपाररानी या बरहज से दमकल बुलाना पड़ रही है।