देवरिया। हरियाणा के बहादुर गढ़ में चल रही खेलो इंडिया अस्मिता वीमेंस स्विमिंग लीग में देवरिया की दीपशिखा ने कांस्य पदक जीता है। दीपशिखा रविंद्र किशोर शाही स्पोर्ट्स स्टेडियम के तरणताल में तैराकी का अभ्यास करती हैं।
शहर के देवरिया खास निवासी दीपशिखा ने खेलो इंडिया नार्थ जोन के अस्मिता वीमेंस स्विमिंग लीग के 100 मीटर फ्री स्टाइल वर्ग में कांस्य पदक जीता है। यह प्रतियोगिता 22 मार्च को हरियाणा के बहादुरगढ़ में आयोजित हुई। इसके बाद दीपशिखा खेलो इंडिया नेशनल प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगी। यह प्रतियोगिता 12 से 14 अप्रैल तक गुजरात के अहमदाबाद में आयोजित होगी। दीपशिखा के पिता कृषि विभाग देवरिया में चालक के पद पर कार्यरत हैं।
माता रागिनी गृहिणी हैं। दीपशिखा के बड़े भाई ऋतुराज व बड़ी बहन दीपनिशी बीएससी की पढ़ाई करते हैं। वहीं दीपशिखा स्वयं पंजाब विश्वविद्यालय से बीए प्रथम वर्ष की छात्रा हैं।
स्टेडियम आते जाते स्वीमिंग में जगी रुचि : दीपशिखा ने बताया कि बचपन में स्टेडियम जाते आते लोगों को तैरते देखती थी। मुझे भी तैरने का मन हुआ।
वहां तैनात लाइफ सेवर हेमंत और स्विमिंग से जुड़े देवानंद सर ने मुझे तैराकी के लिए प्रेरित किया। इनकी देखरेख में प्रशिक्षण प्राप्त किया। 2017 में स्पोर्ट्स हास्टल लखनऊ में चयन हो गया। इसके बाद लखनऊ से इंटरमीडिएट की पढ़ाई तैराकी के प्रशिक्षण के साथ पूरा किया। इसके बाद बेहतर स्पोर्ट्स एजुकेशन के लिए पंजाब विश्वविद्यालय में बीए प्रथम वर्ष में प्रवेश ले लिया।