देवरिया शहर के रामनाथ देवरिया मोहल्ला स्थित एक निजी अस्पताल में सोमवार को गर्भवती महिला की मौत के बाद परिजनों ने निजी अस्पताल में शव रखकर हंगामा शुरू कर दिया। परिजन इलाज में लापरवाही बरतने व गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगा रहे थे। पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया और शव को कब्जे में लिया।
भलुअनी थाना क्षेत्र के हरखौली शिवपुरा निवासी सत्येंद्र राजभर की पत्नी ममता 25 गर्भवती थीं। सोमवार को परेशानी होने पर परिजन उसे लेकर जिला महिला अस्पताल पहुंचे, जहां परीक्षण के बाद हालत गंभीर देखकर चिकित्सक ने रेफर कर दिया। इसी बीच किसी ने रामनाथ देवरिया मोहल्ला स्थित एक निजी अस्पताल में ले जाने की सलाह दी। परिजन मामता को लेकर वहां पहुंचे, जहां इलाज शुरू हुआ।
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में गलत इंजेक्शन लगाने से ममता की हालत बिगड़ गई। यह देख अस्पताल के कर्मचारी उसे दूसरी जगह ले जाने के लिए कहने लगे। परिजन ममता को लेकर शहर के एक निजी अस्पताल पहुंचे, जहां से चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। उसके बाद परिजन शव लेकर रामनाथ देवरिया मोहल्ला स्थित अस्पताल पर पहुंचे। शव को वहीं रखकर हंगामा करने लगे।
इस दौरान भीड़ जुट गई। यह देख अस्पताल के कर्मी भाग निकले। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और समझाबुझाकर परिजनों को शांत कराई। शहर कोतवाल कपिलदेव चौधरी ने बताया कि रामनाथ देवरिया मोहल्ला स्थित एक निजी अस्पताल में शव रखकर परिजन हंगामा कर रहे थे। पुलिस ने पहुंचकर उन्हें समझाकर शांत कराया। शव को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर मिलने व पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।