गौरी बाजार में दुर्घटना में क्षतिग्रस्त ई रिक्शा।
गौरी बाजार/बैतालपुर। गौरी बाजार थाना क्षेत्र के हाटा मार्ग पर मंगलवार की सुबह करीब आठ बजे देवगांव के पास बेकाबू स्कूल बस ने सड़क किनारे खड़ी दो बाइक और छात्रों से भरे ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा चालक समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
इलाज के लिए गौरी बाजार सीएचसी ले जाते समय चालक की मौत हो गई। घायल तीन छात्रों को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर कर दिया गया। शिक्षक भी घायल हुए हैं।
गौरी बाजार-हाटा मार्ग पर बिशुनपुरा स्थित एक स्कूल की बस मंगलवार की सुबह रोज की तरह देवरिया से बच्चों और अध्यापकों को लेकर वापस लौट रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कूल से करीब एक किमी पहले देवगांव के पास बस की रफ्तार काफी तेज थी। बताया जा रहा है कि आगे चल रहे दो बाइक सवारों को बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक स्टीयरिंग मोड़ दिया।
इसी दौरान बस अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े दो बाइक तथा छात्रों से भरे ई-रिक्शा को टक्कर मारते हुए सड़क किनारे खाई में चली गई।
बस की ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर होने से चालक और उसमें सवार तीन छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए।