देवरिया जिले में रामपुर कारखाना थानाक्षेत्र के बरवां मानसिंह गांव के पास बृहस्पतिवार को परीक्षा देने जा रहा एक छात्र मार्ग दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के लिए गोरखपुर मेडिकल कालेज ले जाया गया। वहां उसकी मौत हो गई। जानकारी होते ही घर में चीख-पुकार मच गई।
रामपुर कारखाना थानाक्षेत्र के पिपरा मदन गोपाल गांव के रहने वाले विपिन कुमार (18) पुत्र रघुराज प्रसाद कक्षा 12 वीं के छात्र थे। बृहस्पतिवार को वह बोर्ड परीक्षा देने देसही देवरिया के एक विद्यालय में जा रहे थे।
अभी वह क्षेत्र के बरवां मानसिंह गांव के समीप पहुंचे थे कि उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। विपिन अभी उठ कर संभल पाते कि सामने से आ रही अज्ञात बाइक ने उन्हें चपेट में ले लिया। बाइक सवार मौके से फरार हो गया।
हादसे में विपिन गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे परिजन एंबुलेंस से उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। हालत गंभीर देख डाक्टर ने गोरखपुर मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। मेडिकल कालेज के परिसर में पहुंचते ही उनकी मौत हो गई।
विपिन तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। मौत से माता, छोटे भाई विनय व अभिनव का रो रोकर बुरा हाल है। पिता रोजी रोटी की तलाश में बाहर हैं। एसओ राजेश पांडेय ने बताया की उन्हें घटना की सूचना मिली है।