संदिग्ध हाल में युवक की मौत, हत्या का आरोप
गड़ेर। भलुअनी थाना क्षेत्र के चौमुखा गांव में सोमवार की रात पट्टीदारों में धान रखने के लिए हुई मारपीट में युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है।
गांव निवासी सोनू यादव (24) भलुअनी में एक होटल में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। सोमवार की रात धान रखने के लिए चाचा-चाची से कहासुनी के दौरान मारपीट हो गई। कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। रात में सोनू अपने स्वजन के साथ कमरे में सोने चले गए। मंगलवार की सुबह जब कमरे का फाटक नहीं खुला तो परिजन कमरे के अंदर देखे तो सोनू मृत अवस्था में थे। सोनू यादव के पिता की छह महीने पूर्व और माता लालमती की दो वर्ष पूर्व मौत हो गई थी। सोनू अपने परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था। उसका बड़ा भाई मुन्ना यादव मानसिक दिव्यांग है। सोनू की शादी न होने से बड़ी बहन बेबी यहीं रहकर अपने दोनों भाइयों की देखरेख व परवरिश करती थी। बहन बेबी ने आरोप लगाया है कि चाचा-चाची ने कुदाल के बेंट से मारकर सोनू की हत्या कर दी। आरोपित घर से फरार हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष मुकेश मिश्रा ने बताया कि सूचना मिली है। तहरीर नहीं मिली है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत के बारे में कुछ कहा जा सकता है।