संदिग्ध हाल में टैक्सी ड्राइवर की मौत
बरहज। क्षेत्र के कपरवार के नौकाटोला निवासी संजय कन्नौजिया प्राइवेट टैक्सी ड्राइवर था। शुक्रवार की दोपहर घर पर अचानक उसकी तबीयत खराब हो गई। परिजन उसे इलाज के लिए ले गए। जहां चिकित्सकों ने जिला अस्पताल और गोरखपुर रेफर कर दिया। जहां उसकी मौत हो गई। मौत को लेकर लोगों में तरह-तरह की चर्चा है। संजय की मौत से मां तेतरी देवी और पत्नी का रो-रो कर बुरा हाल था। जबकि उसके तीनों पुत्र कुछ समझ नहीं पा रहे थे। इंस्पेक्टर जयंत कुमार सिंह ने बताया कि गोरखपुर में मौत होने की बात सामने आ रही है।
इलाज के दौरान ठेला व्यवसायी की मौत से मचा कोहराम
बरहज। जयनगर निवासी और ठेला व्यवसाई सुशील सोनकर (22) पुत्र गंगा की लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई। सुशील के मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। लोग बता रहे हैं कि एक साल पूर्व लाटघाट के निकट सड़क हादसे में वह गंभीर रुप से घायल हो गया था।
जयनगर निवासी गंगा के तीन पुत्रों में सुशील दूसरे नंबर का था। नगर में वह ठेले पर खीरा आदि बेचकर परिवार की जीविका चलाता था। परिजनों के अनुसार 10 अप्रैल 2020 को आजमगढ़ से खीरा खरीदकर पिकअप से बरहज आ रहा था। इसी बीच रास्ते में लाटघाट के समीप ओवरटेक कर रही एक गाड़ी ने टक्कर मार दिया। जिससे सुशील बुरी तरह से घायल हो गया था। जिसका इलाज लखनऊ में चल रहा था। बेटे की मौत से मां तेतरी देवी का रो-रो कर बुरा हाल था। जबकि परिवार में मातम छाया हुआ था।