हादसे में बाइक सवार युवक की मौत
तरकुलवा (देवरिया)। थाना क्षेत्र के फुटहा पठखौली गांव में बुधवार की सुबह खेत देखने जा रहा बाइक सवार युवक किसी वाहन की चपेट में आने से घायल हो गया। परिजनों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फुटहा पठखौली गांव निवासी जितेंद्र प्रताप शाही (35) सुबह बाइक से खेत देखने जा रहे थे। सड़क पर किसी वाहन की चपेट में आ गए। लोगों ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। परिजन उनको जिला अस्पताल ले गए। वहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। जितेंद्र प्रताप की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी दो माह की बच्ची को गोद में लेकर दहाड़े मार कर रो रही थी। सदमे के कारण वह अचेत हो जा रही थी। बड़े बेटे का रो-रो कर बुरा हाल था। थानाध्यक्ष प्रदीप शर्मा ने बताया कि घटना की जानकारी हुई है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा। फरार वाहन चालक की तलाश की जा रही है।