दवा लेकर लौट रहे बाइक सवार की हादसे में मौत
गौरी बाजार/देवरिया। गौरी बाजार-रुद्रपुर मार्ग पर कस्बे के रेलवे ओवरब्रिज पर मंगलवार की आधी रात को गोरखपुर से दवा लेकर घर जा रहे 35 वर्षीय बाइक सवार की किसी वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतक के बड़े भाई की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
रुद्रपुर कस्बा के मस्जिद वार्ड निवासी राजेश मद्धेशिया पुत्र घूरहू मद्धेशिया परिवार के किसी सदस्य की तबीयत खराब होने पर गोरखपुर दवा लेने गए थे। मंगलवार की आधी रात को बाइक से अपने घर रुद्रपुर जा रहे थे। गौरी बाजार-रुद्रपुर मार्ग पर पीएनबी के सामने ओवर ब्रिज के पास विपरीत दिशा से तेज रफ्तार आ रहे किसी वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल युवक की थोड़ी देर बाद ही मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में ले लिया। घटना की सूचना पुलिस ने परिजनों को दी तो कोहराम मच गया। पत्नी राधा देवी, बेटियां रेशमी तथा रोहित, माता रंभा देवी, पिता घुरहू मद्धेशिया सहित अन्य परिवारजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। राजेश मद्धेशिया के बड़े भाई राकेश मद्धेशिया की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
अंधेरा होने से हुआ हादसा
गौरी बाजार। गौरी बाजार पूर्वी रेलवे क्रासिंग पर आए दिन अंधेरा छाए रहने से सड़क दुर्घटनाएं हो रही है।ओवर ब्रिज पर लगी स्ट्रीट लाइट काफी समय से खराब हैं लेकिन जिम्मेदारों का ध्यान नहीं है। लोगों का कहना है कि ओवर ब्रिज पर यदि लाइट होती तो शायद हादसा नहीं होता। नगर क्षेत्र के वार्ड संख्या 2 गोलघर के सभासद नितेश मद्धेशिया ने नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी तथा चेयरमैन को पत्रक देकर अविलंब सुधार की मांग की है।