ट्रेन की चपेट में आने से इंजीनियर की मौत
देवरिया। शहर के चकियवा ढाले के पास ट्रेन की चपेट में आने से एक इंजीनियर की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बिहार निवासी इंजीनियर अरुणाचल प्रदेश में बिजली विभाग में तैनात थे।
बिहार के सीवान जिले के बसंतपुर थाना क्षेत्र के सेंदूर खां गांव निवासी मनोज कुमार राय 52 वर्ष अरुणाचल प्रदेश में विद्युत विभाग में इंजीनियर के पद पर तैनात थे। वह शुक्रवार को रिश्तेदारी में शहर आए हुए थे। शुक्रवार की रात मनोज कुमार राय शहर के चकियवा ढाला के पास ट्रेन के चपेट में आ गए, जिससे उनकी घटनास्थल पर मौत हो गई। आस पास के लोगों ने घटना की जानकारी कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने शव के शिनाख्त की कोशिश की, लेकिन पहचान नहीं हो सकी। शनिवार को मृतक का ममेरा भाई नवल किशोर मोर्चरी में पहुंचा और शव की शिनाख्त मनोज के रुप में किया। इसके बाद सदर कोतवाली पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। मौत की खबर मिलते ही परिवार के अन्य सदस्य पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। परिवारीजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया था।