मासूम की मौत के बाद कोतवाली में बात करती पुलिस।
- फोटो : SALEMPUR
इंजेक्शन लगाने के बाद मासूम की मौत, शव लेकर परिजन पहुंचे कोतवाली
सलेमपुर। शुक्रवार को किशोरगंज वार्ड के निजी अस्पताल में डॉक्टर के इंजेक्शन लगाने के बाद मासूम की मौत हो गई। परिवार के लोग शव लेकर कोतवाली पहुंचे डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मामला बढ़ता देख कोतवाली पुलिस डॉक्टर को कोतवाली बुलाकर पूछताछ कर रही है। डाक्टर ने कहा कि उनके स्तर से कोई लापरवाही नहीं हुई है।
लार थाना क्षेत्र के बरडीहां परशुराम गांव निवासी राजेश यादव का चार वर्षीय बेटा शिवांश यादव को बुखार होने पर परिजन निजी अस्पताल ले गए। आरोप है कि तेज बुखार में डॉक्टर ने इंजेक्शन लगा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार के लोग आग बबूला हो गए। मासूम का शव लेकर कोतवाली पहुंच गए। जहां कार्रवाई के लिए परिवार के लोग दो घंटे तक पुलिस से गुहार लगाते रहे। जब कोई नहीं सुना तो एसडीएम को फोन कर कार्रवाई की मांग की। मामला बढ़ता देख पुलिस डॉक्टर को लेकर कोतवाली पुलिस पहुंची। डाक्टर का कहना है कि उनके स्तर से कोई लापरवाही नहीं हुई है। बच्चे की हालत काफी खराब थी। इस बाबत कोतवाल नवीन कुमार मिश्र ने बताया कि डॉक्टर से पूछताछ की जा रही है। अभी किसी प्रकार की तहरीर नहीं मिली है।