रामपुर कारखाना। थाना क्षेत्र के कुसुमा बेलवा गांव में घरेलू कलह से परेशान एक युवक का शव फंदे से लटका मिला। घटना के समय उसकी पत्नी और बच्चे घर पर नहीं थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, कुसुमा बेलवा निवासी दिवाकर प्रसाद (40) पुत्र रामकेश्वर माता-पिता से अलग पत्नी और बच्चों के साथ रहता था। कुछ समय पहले उसने पुत्री का विवाह किया था। दो पुत्र अंकुश और रितेश बंगलूरू में रहते हैं। इस कारण घर पर पति-पत्नी ही रहते थे। बताया जाता है कि बृहस्पतिवार को उसकी पत्नी प्रमिला किसी काम से जिला मुख्यालय गई थी और वहीं रुक गई। रात में भोजन के बाद दिवाकर ने अपने कमरे में रस्सी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। शुक्रवार सुबह जब वह देर तक कमरे से बाहर नहीं निकला तो आसपास के लोगों को संदेह हुआ। लोगों ने इसकी सूचना उसकी पत्नी को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
एसओ अश्वनी प्रधान ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।