बघौचघाट। तरकुलवा थाना क्षेत्र के फरेनदहा गांव में दो सगे भाइयों के परिवारों के बीच मामूली बात को लेकर मारपीट हो गई। मारपीट में छोटा भाई और उसकी बहू गंभीर रूप से घायल हो गई। इलाज के दौरान बहू की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, बाबूलाल यादव व नर्सिंग यादव सगे भाई हैं। बाबूलाल अपने नए घर के निर्माण के लिए पुराने घर से टोकरी में मिट्टी भरकर ले जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में छोटे भाई नर्सिंग की भैंस बंधी थी, जो मिट्टी ले जाने वालों पर झपट रही थी। इस पर भैंस की रस्सी छोटी करने को लेकर दोनों परिवारों के बीच कहासुनी हो गई।
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान छोटे भाई नर्सिंग की बहू सीमा गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पथरदेवा लेकर पहुंचे, जहां उनकी हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने मेडिकल काॅलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर डाॅक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।