तेज आंधी से पेड़, बिजली के खंभे उखड़े, दूसरे दिन भी बिजली भी नहीं आई बिजली, लोग हुए परेशान
बारिश से किसानों को मिली सौगात, खेती के काम होंगे शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। सोमवार की रात करीब 8:30 बजे आई आंधी-बारिश से आम जनजीवन प्रभावित हुआ। चक्रवाती आंधी से कई स्थानों पर पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए। बिजली के खंभे उखड़ने से कई जगह बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। मंगलवार की शाम तक आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई थी। कर्मचारी टूटे तार को दुरुस्त करने के लिए दिनभर जद्दोजहद करते रहे। सड़क पर पेड़ गिरने से यातायात भी प्रभावित हुआ। सबसे ज्यादा नुकसान भाटपार रानी तहसील क्षेत्र में होने का अनुमान है। कई घरों के टिन शेड उड़ गए।
देसही देवरिया संवाद के अनुसार, महुआडीह क्षेत्र में सोमवार की दोपहर बाद शुरू हुई बारिश रुक-रुक कर रात भर होती रही। तेज गरज और आंधी की वजह से जगह-जगह पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए। इससे कई गांवों की बिजली गुल हो गई। मंगलवार की शाम तक आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई थी। सुबह 11:30 बजे पड़ौली फीडर की बमुश्किल आपूर्ति बहाल की जा सकी। कई जगह पेड़ सड़क पर गिरने से यातायात भी प्रभावित रहा। इमिलिया और पांडेय चक उपकेंद्रों से जुड़े उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।
पैकोली संवाद के अनुसार, चक्रवाती आंधी और बारिश के कारण पैकोली, पैकोली पवहारी महाराज की कुटी, अगया, सरौरा आदि जगहों पर पेड़ और तार पर गिर गए। इससे 50 गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
सलेमपुर संवाद के अनुसार, सोमवार की रात आंधी-बारिश के चलते क्षेत्र के विभिन्न फीडर की बिजली पूरी रात और मंगलवार के पूरे दिन गायब रही। भटनी फीडर में कई जगहों पर पेड़ गिरने से जगह-जगह खंभे और तार टूट गए। नवलपुर, टाउन, सतराव समेत अन्य फीडर पूरी रात बंद रहे। जेई उपेंद्र कुमार ने बताया कि भटनी फीडर से जुड़े बरसीपार में आंधी की वजह से खंभा टूट गया था।
मईल संवाद के अनुसार, आंधी-बारिश से क्षेत्र की आपूर्ति अस्त-व्यस्त हो गई। कई जगह बिजली के तार टूट कर गिर गए हैं तो कहीं तारों पर पेड़ों की डाली टूट कर गिर गईं। इससे सैकड़ों गांव की बिजली आपूर्ति ठप हो गई है।
भाटपार रानी/ सोहनपुर/ रामपुर बुजुर्ग /प्रतापपुर संवाद के अनुसार, तहसील क्षेत्र में सोमवार की रात आई चक्रवाती आंधी-बारिश और ओला गिरने से भारी तबाही मची है। कई घरों के टिन शेड उड़ गए। सड़कों पर पेड़ गिरने से रात भर कई मार्गों पर आगमन ठप रहा।
आंधी से भिंगारी, भिंगारी चकिया भवानी छापर, भवानी छापर प्रतापपुर , पकड़ी बाबू बंगरा हरेराम चौराहा मार्ग ,भाटपार रानी रतसिया मार्ग, फुलवरिया सोहनपुर रामपुर बुजुर्ग आदि मार्ग पर पेड़ गिरने से कई घंटे आगमन ठप रहा।
-
तेज आंधी बारिश से 400 गांवों में 24 घंटे से बिजली गुल
तीन घंटे बाधित रहा देवरिया रुद्रपुर मार्ग
शादी समारोह में पड़ी खलल
रुद्रपुर। आंधी-बारिश के कारण बिजली तार पर जगह-जगह पेड़ गए। जिससे क्षेत्र के 400 गांवों में 24 घंटे बिजली गुल रही। बिजली गायब होने से लोगों के घरों का पानी भी बंद हो गया। वहीं रात में शादी समारोह में लगे टेंट आंधी से गिर जाने के कारण खलल पड़ गया। मंगलवार की देर शाम बिजली आपूर्ति व्यवस्था बहाल हो पाई।
देवरिया रुद्रपुर मार्ग पर बैरियाघाट, कोइलगढ़हा, उसरा बाजार और तिवई के निकट पेड़ गिर गया। मुख्य सड़क पर पेड़ गिरने से चार पहिया वाहनों की आवाजाही ठप हो गई। ग्रामीण सड़कों से दो पहिया वाहन वाले किसी तरह निकल पाए। गांव वालों के सहयोग से पेड़ की टहनिया कटने के बाद रुद्रपुर देवरिया मार्ग पर आवागमन चालू हो गया। बिजली पोल और तार पर पेड़ गिरने के बाद रुद्रपुर, मदनपुर, पकड़ी बाजार, पचलड़ी फीडर से बिजली आपूर्ति ठप हो गई। ब्रेक डाउन हो से मंगलवार को लोगों के घरों में टंकी का पानी खत्म हो गया। बिजली के अभाव में सरकारी दफ्तरों में भी कामकाज प्रभावित रहा। रुद्रपुर गौरीबाजार मार्ग पर लुअठही चौराहे के समीप आंधी में पेड़ गिरने से एक घंटे तक चार पहिया वाहनों का जाम लगा रहा।
किसानों के लिए सोने पर सुहागा
यह बारिश किसानों के लिए किसी सौगात से कम नहीं है। इससे गन्ना, सब्जी आदि फसलों को लाभ पहुंचा है। वहीं, बारिश से अब खेतों की जुताई भी शुरू हो जाएगी। जो किसान खेतों में हरी खाद के लिए ढ़ैचा की बुवाई नहीं कर पाए थे, अब कर सकेंगे। पिपरा मदन गोपाल के रामानंद, बेलवा के रामदरश चौरसिया, रामपुर हिरामन के शंभूनाथ यादव, मदरापाली के अजीत कुशवाहा, बसंतपुर के विश्राम आदि किसानों का कहना है कि बारिश से नुकसान कम फायदा ज्यादा हुआ है।
-
पांच से छह दिनों तक आसमान रहेगा साफ, तापमान बढ़ेगा
मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ और पुरवा की सतही हवाओं के टकराव की वजह से सोमवार शाम को आंधी के साथ बारिश हुई थी। विक्षोभ अब यहां से गुजर गया है। पांच से छह दिनों तक आसमान साफ रहेगा। बारिश के आसार नहीं है। तापमान में 5 से 6 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है।