बघौचघाट। तरकुलवा थाना क्षेत्र के धर्मागत पट्टी गांव में रहने वाले प्रेम चौहान (45) पुत्र स्व. बेचू चौहान सड़क हादसे में घायल हो गए थे। बुधवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार प्रेम चौहान रविवार को किसी काम से अपने गांव से सिरसिया गोठा जा रहे थे। जैसे ही वह हनुमानगंज चौराहे के पास पहुंचे, तभी विपरीत दिशा से आ रही एक कार ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में प्रेम चौहान गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गए। स्थानीय लोगों की मदद से परिजनों ने उन्हें जिला अस्पताल देवरिया पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया।
तीन दिनों तक इलाज चलने के बाद बुधवार को प्रेम चौहान ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पत्नी विद्यावती देवी, बड़े बेटे पंकज और पवन का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रेम चौहान परिवार के अकेले कमाऊ सदस्य थे। उनकी चार बेटियां और दो बेटे हैं। इनमें तीन बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि एक बेटी की शादी अभी नहीं हुई। थानाध्यक्ष मृत्युंजय राय ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। वाहन और चालक की तलाश की जा रही है।