दूसरे दिन गणित के प्रश्न रहे आसान
देवरिया। पुलिस भर्ती परीक्षा रविवार को दूसरे दिन भी 10 परीक्षा केंद्रों पर हुई। इसमें दूर दराज के जिलों से परीक्षा देने अभ्यर्थी पहुंचे। दोनों पालियों में पंजीकृत 6720 अभ्यर्थियों में से 5060 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। 1660 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। दूसरे दिन की परीक्षा में करेंट अफेयर्स से जुड़े सवालों ने परेशान किया।
पुलिस भर्ती परीक्षा में प्रथम पाली में 3360 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इसमें 2516 ने परीक्षा दी। 844 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में भी 3360 पंजीकृत रहे। वहीं 2544 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। 816 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। एसआई परीक्षा में पहले दिन गणित के लंबे सवालों ने अभ्यर्थियों को परेशान किया। वहीं दूसरे दिन करेंट अफेयर्स के प्रश्नों ने परेशान किया। जीआईसी केंद्र से परीक्षा देकर निकले जौनपुर के विकास यादव ने बताया कि प्रश्न पत्र आसान आया था। इससे मेरिट हाई जा सकती है। गाजीपुर से आए मंजीत कुमार ने बताया कि करेंट अफेयर्स के कुछ सवाल भ्रमित कर रहे थे। इनका सावधानी से उत्तर दिया गया। संतकबीर नगर से आए राहुल चौरसिया ने बताया कि गणित के प्रश्न पांच छह प्रश्न कठिन थे, जिन्होंने अधिक समय लिया। बाकी सब ठीक था। लखनऊ से आए सत्यम चौबे ने बताया कि पेपर अच्छा गया है। इससे मेरिट ऊँची जा सकती है। कट ऑफ का अनुमान लगाना कठिन है।