भटनी। त्योहार के बाद सहालग शुरू होने से ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है। मुंबई, दिल्ली, गुजरात और पंजाब जाने वाली प्रमुख ट्रेनों में 15 दिसंबर तक आरक्षित टिकट उपलब्ध नहीं हैं।
कई ट्रेनों में नो रूम की स्थिति है। इससे नौकरी पर लौटने वाले लोगों और मांगलिक कार्यक्रमों में शामिल होने जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड रहा है।
दिवाली और छठ पर्व पर घर आए लोग अब वापस अपने कार्यस्थलों की ओर लौटने लगे हैं। लगन के चलते भी बड़ी संख्या में लोगों को यात्रा करनी पड़ रही है। इससे ट्रेनों में भीड़ और बढ़ गई है। मुंबई जाने वाली काशी एक्सप्रेस और मुंबई एलटीटी एक्सप्रेस, दिल्ली जाने वाली बिहार संपर्क क्रांति, वैशाली, लिच्छवी और पंजाब जाने वाली आम्रपाली और शहीद एक्सप्रेस तथा गुजरात जाने वाली अहमदाबाद एक्सप्रेस आदि ट्रेनों में 15 दिसंबर तक नो रूम दिखा रहा है।
स्टेशन अधीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि त्योहार और सहालग के चलते ट्रेनों में यात्रियों की संख्या बढ़ी है।