-कसया और गोरखपुर ओवरब्रिज,सुभाष चौक पर जाम से परेशान दिखे लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। त्योहारों में खरीदारों की भीड़ शहर में बढ़ गई है। इसकी वजह से बृहस्पतिवार को राहगीर जाम से परेशान दिखे। यातायात व्यवस्था पूरी तरह लड़खड़ा गई थी। जाम की वजह सड़कों पर बेतरतीब वाहनों का खड़ा होना था।
बाजार में खरीदारी के लिए लोग पहुंच रहे हैं, ई-रिक्शा और सड़कों पर वाहन खड़ा होने के कारण जाम के झाम में जूझते लोग नजर आए। कसया रोड ओवरब्रिज, सुभाष चौक, भटवलिया चौराहा, कोआपरेटिव चौराहा, हनुमान मंदिर पर दोपहर करीब एक बजे जाम लगा था। जाम हटाने में पूरे दिन यातायात सिपाही जूझते दिखे। हनुमान मंदिर रोड में मॉल के सामने वाहनों के खड़ा होने और ई-रिक्शा वालों की मनमानी की वजह से जाम की समस्या आम हो गई है। यातायात पुलिस की सख्ती के बाद भी ई-रिक्शा वाले अपनी आदत से बाज नहीं आ रहे हैं। जिसका खामियाजा बाजार में आए लोगों को भुगतना पड़ रहा है।
शहर का आज रहेगा रूट डायवर्जन
-धनतेरस पर शहर में बड़े वाहनों के आवागमन पर रोक रहेगा। भीड़ वाले इलाके में चार पहिया वाहनों को भी नहीं जाने दिया जाएगा। बाइक और ई रिक्शा से वहां तक लोग जा सकते हैं। सीडी रोड के रास्ते 12 बजे दिन से रात एक बजे तक बड़े वाहनों का आवागमन नहीं होगा। इसके लिए यातायात प्लान तैयार कर लिया गया है। वहीं शहर में सुबह सात से रात एक बजे तक बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगा।
-भुजौली कालोनी की तरफ से आने वाले वाहनों को चीनी मिल ग्राउंड होकर गोरखपुर ओवरब्रिज तक आना होगा।
-हनुमान मंदिर के तरफ जाने वाले लोगों को परशुराम चौक के पास चार पहिया वाहन खड़ा कर जाना होगा।
-दिन में 12 बजे से सीसी रोड पर महिला पुलिस बूथ के आगे हनुमान मंदिर की तरफ चार पहिया वाहन नहीं आएंगे।
-शिव मंदिर से राघव नगर की तरफ चार पहिया वाहनों पर रोक रहेगा।
-दिन में 12 बजे से कसया के तरफ से आने वाले वाहनों को सोमनाथ मंदिर होकर गोरखपुर रोड से जाएंगे।
-12 बजे दिन से पिपरपाती की तरफ से आने वाले वाहनों को सोमनाथ मंदिर होकर गोरखपुर रोड से जाएंगे।
-12 बजे दिन से गोरखपुर से आने वाले वाहन सोमनाथ मंदिर होते हुए कसया रोड होते हुए जाएंगे।
-सलेमपुर के तरफ से आने वाले बड़े वाहन सुबह सात से दिन में 12 बजे तक रुद्रपुर, कतरारी, सीसी रोड होकर गोरखपुर ओवरब्रिज तक 12 बजे दिन तक जाएंगे।
-सलेमपुर की तरफ से 12 बजे के बाद आने वाले बड़े वाहन सोनूघाट बाइपास से कसया रोड के सोमनाथ मंदिर होते हुए गोरखपुर रोड पर निकलेंगे।
-धनतेरस को देखते हुए रूट डायर्वजन किया गया है। सुबह सात से रात एक बजे तक बड़े वाहनों के शहर में प्रवेश पर रोक रहेगी। डायवर्जन के अनुसार आवागमन होगा।
-गुलाब सिंह, टीएसआई