मेडिकल कॉलेज के डिजिटल एक्स-रे सेंटर पर मरीजों की भीड़-संवाद
देवरिया। मेडिकल कॉलेज में मरीजों की भीड़ रही। इसका असर व्यवस्था पर दिखा। बृहस्पतिवार को करीब साढ़े तीन हजार से अधिक मरीज इलाज कराने पहुंचे। मरीजों को इंतजार करना पड़ा।
कुछ स्थानों पर पहले डॉक्टर कक्ष में जाने को लेकर धक्का-मुक्की हुई। सुरक्षा कर्मियों ने समझा कर शांत कराया। बिलिंग काउंटर और एक्स-रे जांच के लिए दोपहर बाद तक लाइन लगी थी। भीड़ अधिक होने से करीब 30-40 लोग बिना एक्स-रे कराए लौट गए। मेडिकल कॉलेज में मरीज बढ़े हैं। शहर से लेकर ग्रामीणांचल और बिहार के सीमावर्ती क्षेत्रों के काफी संख्या में मरीज इलाज कराने आते हैं।
सुबह आठ बजे से रजिस्ट्रेशन काउंटर पर लोग पहुंचने लगे। नौ बजे तक कतार लग गई। साढ़े दस बजे पुरुष और महिला अस्पताल के काउंटर कतार लंबी हो गई। करीब ढाई हजार लोगों ने पर्ची लिया, जबकि करीब पंद्रह सौ से अधिक मरीज फालोअप में पहुंचे थे। उनके साथ तीमारदार भी थे। रजिस्ट्रेशन कराने के बाद मरीज ओपीडी में पहुंचे। मेडिसिन विभाग के तीनों कक्षों के बाहर मरीजों की भीड़ रही।