संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। रोस्टिंग कटौती में शनिवार दिनभर ढाई सौ गांवों की बिजली गुल रही। सुबह से शुरू हुई कटौती देर शाम तक जारी रही। नतीजा घरों और दुकानों में लगे इन्वर्टर भी जवाब दे गए। दिनभर रोस्टिंग तो रात में बिजली की आंख मिचौली से लोग परेशान हैं। क्षेत्रीय लोगों ने आपूर्ति में सुधार की डीएम से मांग की है।
विद्युत उपकेंद्र खुखुंदू से स्थानीय कस्बा, परसिया मिश्र, बैरौना, बीरपुर मिश्र, बीजापुर झंगटौर, बड़हरा, मुसैला, पड़री बाजार, नूनखार, सिसई, बरसाथ,एगडंगा समेत ढाई गांवों की विद्युत आपूर्ति की जिम्मेदारी है। शनिवार की सुबह करीब आठ बजे गुल हुई बिजली, दो घंटे बाद आई भी तो कुछ ही देर में चली गई।
दोपहर भी सिर्फ झलक दिखाकर चली गई। इसके बाद सीधे सायंकाल छह बजे आई और फिर सवा छह बजे चली गई। उपभोक्ताओं ने जब जानकारी की तो पता चला कि रोस्टिंग कटौती हुई है। इतना ही नहीं इसके बाद फिर दस बजे रात तक आंख मिचौली का खेल चलता है।
यह एक दिन का नही रोज का यही हाल है। उपभोक्ताओं ने कटौती को लेकर नाराजगी जताई है। समय रहते अगर कटौती में सुधार नहीं हुआ तो उपभोक्ता आंदोलन करेंगे।
जेई सोनू कुमार ने बताया कि रोस्टिंग कटौती के चलते आपूर्ति प्रभावित हुई है। उपकेन्द्र से कोई कटौती नहीं की जा रही है।