देवरिया। कसया ढाले पर बृहस्पतिवार रात ट्रेन से कटकर एक युवक ने जान दे दी। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने उसके पास मिले कागजात से पहचान की। वह शहर के किसी दुकान पर हलवाई का काम करता था। परिवारवालों को सूचना दे दी गई है।
बिहार, सीतामढ़ी जिले के सैदपुर क्षेत्र के खरपाती गांव के जुगेसर का 25 वर्षीय बेटा रामू कई साल से देवरिया शहर में रहकर मिठाई की दुकानों पर काम करता था। पहले वह सिविल लाइंस में किसी मिठाई की दुकान पर रहता था। बाद में रेलवे स्टेशन पर किसी दुकान पर काम करने लगा। बताया जा रहा है कि इसी दौरान किसी युवती से उसका प्रेम हो गया। बातचीत और मिलने का क्रम शुरू हो गया। इधर, कुछ दिनों से प्रेमिका से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इससे नाराज होकर बृहस्पतिवार की रात को रामू कसया ढाले पर पहुंचा।
किसी ट्रेन के सामने कूदकर उसने जान दे दी। किसी ने मामले की जानकारी जीआरपी और कोतवाली पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। उसके पास मिले कागजात से पहचान की गई। पुलिस ने परिवारवालों को घटना की जानकारी दे दी। परिवार के लोग देर शाम देवरिया पहुंचे। सदर कोतवाल सत्येंद्र कुमार पांडेय का कहना है कि तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।