बरहज। हैंडपंप के पास पौधा लगाने से मना करने गई महिला पर चाकू से हमला किया गया। उसे बचाने गया बेटा भी हमले में जख्मी हो गया। दोनों को इलाज के लिए नगर के सीएचसी पर भर्ती कराया गया। परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पलिया गांव में गनेश प्रसाद के हैंडपंप के पास उनके पड़ोसी शनिवार की सुबह जबरिया पौधा लगाने लगे। पौधा लगाने से मना करने पहुंची गनेश प्रसाद की 70 वर्षीया पत्नी धनेसरी देवी को एक युवक ने चाकू से हमला कर जख्मी कर दिया।
लहूलुहान होकर चिल्लाती मां की आवाज सुनकर उन्हें बचाने गए छोटे बेटे रूपचंद को भी युवक ने पीट दिया। मौके पर मां-बेटे लहुलुहान हो गए। दोनों घायलों को इलाज के लिए नगर के सीएचसी केंद्र पर लाया गया। घटना की तहरीर पीड़ित के घरवालों ने पुलिस को दी है। एसओ का कहना है कि घटना की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।