लार/मेहरौनाघाट। डोल जुलूस में शामिल युवकों पर पथराव करने वाले छह नामजद समेत 25 अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ पुलिस ने शनिवार को केस दर्ज कर लिया। पुलिस की कार्रवाई के जद में आए अधिकांश उपद्रवी भूमिगत हो गए हैं। पत्थरबाजी के बाद देर रात तक पुलिस ने नगर में कांबिंग की।
परंपरागत तरीके से नगर में शुक्रवार की शाम डोल जुलूस निकला। जुलूस रात करीब आठ बजे अभी नगर के शास्त्री नगर मोहल्ले की गली में पहुंचा था कि कुछ लोगों ने जुलूस में शामिल लोगों पर ईंट पत्थर फेंकने लगे। इससे भगदड़ मच गई। इसमें सात लोगों को चोटें भी आई।
पुलिस की सक्रियता से माहौल बिगाड़ने वाले अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हुए। इसकी जानकारी होते ही डोल आयोजक बौखला गए, लेकिन सीओ अजय कुमार राय सूझबूझ का परिचय देते हुए लोगों को शांत कराया। माहौल को देखते हुए पुलिस देर रात तक शास्त्री नगर मोहल्ले में गश्त करती रही। लेकिन एक भी उपद्रवी नजर नहीं आए।
पुलिस ने इस मामले में लार नगर चौकी इंचार्ज सुदेश शर्मा की तहरीर पर लार नगर के शास्त्री नगर मोहल्ला निवासी साहब, छठ्ठू, सलीम, पूरब मोहल्ला निवासी अरमान, फत्तेनगर निवासी दाऊद, कोइरीटोला निवासी तारिक समेेत 25 अज्ञात लोगों पर 7 क्रिमनल एक्ट, तोड़फोड़, तलवार लेकर दौड़ाना, जुलूस पर पथराव करना समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस की कार्रवाई के बाद आरोपी घर छोड़कर फरार हो गए हैं। इस बाबत एसओ अंशुमान यदुवंशी ने बताया कि डोल जुलूस पर पथराव करने वालों पर केस दर्ज कर लिया गया है। उधर, मेहरौनाघाट पुलिस के सामने डोल जुलूस पर अचानक ईंट पत्थर चलने से डोल आयोजकों और हिंदूवादी संगठनों के नेता आक्रोशित हो गए। उनका कहना था कि कार्रवाई से पुलिस परहेज कर रही है, लेकिन लोगों के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए दोपहर बाद मुकदमे की कार्रवाई की। जुलूस पर पथराव की घटना की चौतरफा लोगों ने निंदा की।