देवरिया के रुद्रपुर में उसरा बाजार स्थित गोदाम से गेहूं चुरा रहे युवकों को रोकना पीआरडी के जवान को महंगा पड़ गया। मनबढ़ों ने रखवाली में लगे जवान को पिटाई कर दी। युवक यहां अक्सर ट्रकों से जबरन गेहूं उतरवा ले जाते है।
शुक्रवार को गोदाम के अधीक्षक ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।उत्तर प्रदेश राज्य भंडारण निगम के अधीक्षक दिग्विजय प्रताप सिंह ने पुलिस को दिए तहरीर में बताया कि उसरा बाजार स्थित गोदाम से बृहस्पतिवार की रात ट्रक पर लदे गेहूं को कुछ युवक उतार रहे थे।
गोदाम पर रखवाली में तैनात पीआरडी के जवान श्रीराम यादव ने चोरी करते हुए युवकों को देख लिया। चोरी करने से मना करने पर चौकीदार की युवकों ने जमकर पिटाई कर दी। आरोपी युवक अलगटपुर गांव के बताए जा रहे हैं।
अक्सर गोदाम से गेहूं चोरी के मामले को लेकर अलगटपुर के युवकों और गोदाम के कर्मचारियों में मारपीट की घटना होती रही है। इससे पहले कस्बे के व्यापारियों का सामान भी कई बार उसरा गोदाम के समीप युवकों ने उतरवा लिया है।
जिसको लेकर व्यापारियों ने आंदोलन किया था। हर वर्ष गोदाम में गेहूं रखने के दौरान गेहूं चुराने को लेकर मारपीट की घटनाएं होती रहती है। इस संबंध में कोतवाल राम अवतार सिंह यादव ने कहा कि आरोपी युवकों की तलाश की जा रही है। पुलिस कार्रवाई करने में जुटी है।