कोचिंग से घर लौट रहे युवक की देवरिया के एनसीसी चौराहे पर मनबढ़ युवकों ने पिटाई कर दी। घायल ने भागकर जान बचाने की कोशिश की। इसी बीच एक आरोपी ने फायरिंग कर दी। पीड़ित अधिवक्ता का भतीजा है, घटना की सूचना के बाद अधिवक्ता उग्र हो गए। उन्होंने थाने में तहरीर दी। इसके बाद पुलिस ने तीन नामजद सहित पांच लोगों पर केस दर्ज कर लिया है। इस मामले मेें होटल कारोबारी, व्यापारी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
शहर के न्यूकॉलोनी, संत विनोवा मार्ग निवासी अभिषेक मिश्र अधिवक्ता हैं। उन्होंने कोतवाली पुलिस को तहरीर दिया कि सोमवार की दोपहर उनका भतीजा पुलकित मिश्र कंप्यूटर की कोचिंग कर घर लौट रहा था। न्यू कॉलोनी, एनसीसी चौराहे के पास बाइक सवार युवक हार्न बजाकर तेजी से गुजर रहे थे। पुलकित ने हार्न बजाने की वजह पूछी तो आरोपी नाराज हो गए। आरोप है कि पेड़ा गली, राज होटल निवासी राणा विश्व विक्रम सिंह और एक अन्य युवक ने पिटाई शुरू कर दी।
इसी बीच अंसारी रोड, कानोडिया बुक डिपो अक्षत कानोडिया और राजू फार्मा मोहन रोड निवासी रजत केडिया ने बाइक की डिग्गी से राड निकालकर जान मारने की नियत से पुलकित पर हमला किया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल पुलकित ने जान बचाकर भागने की कोशिश की। इसी बीच अक्षत ने रिवाल्वर निकालकर फायरिंग शुरू कर दी। जानकारी होने के बाद कई अधिवक्ता जिला अस्पताल पहुंचे और घायल को भर्ती कराया।
बताया जाता है कि पुलकित की हालत नाजुक है। इसके बाद अधिवक्ताओं ने मामले की जानकारी एसपी प्रभाकर चौधरी ने दी। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी। अभिषेक मिश्रा की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद सहित एक अज्ञात के खिलाफ मारपीट, हत्या के प्रयास को केस दर्ज किया। पुलिस मामले की जांचकर रही है। कारोबारी पुत्र का नाम प्रकाश में आने के बाद कई कारोबारियों ने एसपी से मुलाकात कर अपना पक्ष रखा।
एसपी प्रभाकर चौधरी ने बताया कि ओवरब्रिज फायरिंग में होटल कारोबारी के भूमिका की जांच हो रही है। न्यूकॉलोनी में हुए विवाद में उसका बेटा शामिल बताया जा रहा है। पुलिस तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर रही है। अंबरीष सिंह से पूछताछ की गई है।