सलेमपुरमें बारातियों को लेकर जा रही चार पहिया वाहन का शीशा तोड़कर डेढ़ लाख रुपये चोरी होने का मामला सामने आया है। इसकी जानकारी उस समय हुई जब सलेमपुर में गाड़ी का पहिया पंक्चर होने पर ठीक किया जा रहा था। बारातियों के शोर मचाने पर भीड़ जुट गई। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
लार, तिलौली गांव निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक शिवशंकर शर्मा के बेटे की बारात बृहस्पतिवार को कुशीनगर जिले के फाजिलनगर कस्बा के लिए जा रही थी। शिवशंकर का वाहन अभी सलेमपुर नगर के क्रय विक्रय समिति के समीप पहुंचा था कि उसका पहिया पंक्चर हो गया। चालक पहिया मरम्मत करवा रहा था और सभी लोग वहां खड़े थे। इसी दौरान अचानक वाहन के पीछे का शीशा फूट गया। शीशा फूटने के बाद वहां मौजूद एक युवक से बाराती पूछताछ करने लगे। लेकिन युवक कुछ भी बताने से इंकार कर दिया। इतने ही देर में चार पहिया वाहन में रखा रुपये से भरा बैग गायब हो गया। वाहन का पहिया ठीक होने के बाद बाराती वाहन में बैठे तो बैग गायब देख शिवशंकर के होश उड़ गए। वाहन से नीचे उतकर लोग शोर मचाने लगे। इसके बाद लोगों की भीड़ जुट गई। पीड़ित के अनुसार बैग में डेढ़ लाख रुपये था। बेटे की बारात में खर्च करने के लिए रखा गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी। इस बाबत इंस्पेक्टर डीपी सिंह ने बताया कि मामला संदिग्ध लग रहा है। तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है।