शादी समारोह से लौट रहे दो युवकों की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। यह हादसा शुक्रवार की आधी रात को गोरखपुर-देवरिया मार्ग पर बैतालपुर पुलिस चौकी के नजदीक बरारी मोड़ के पास हुआ।
मरने वालों में एक युवक कुशीनगर जिले का रहने वाला था। दोनों युवक रिश्तेदार बताए जाते हैं।
गौरीबाजार के रैश्री गांव निवासी गणेश शंकर पांडेय (24) और कुशीनगर के डुमरी मलांव निवासी प्रमोद मिश्र (23) रिश्तेदार थे। दोनों कुशीनगर के सुकरौली में खाद -बीज की साझे में दुकान चलाते थे।
शुक्रवार को दोनों एक ही बाइक से रामपुर कारखाना के पांडेयचक बलियवां गांव में शादी समारोह में शामिल होने गए थे। शादी समारोह से दोनों रात करीब 11 बजे रैश्री गांव के लिए लौट रहे थे।
अभी बैतालपुर पुलिस चौकी के नजदीक पहुंचे थे कि अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। दोनों बाइक से गिरकर जमीन पर छटपटा रहे थे। उधर से जा रहे लोगों ने इसकी सूचना बैतालपुर पुलिस चौकी को दी।
चौकी प्रभारी श्रवण कुमार यादव समेत अन्य सिपाही मौके पर पहुंचे। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जा रहे थे कि रास्ते में दोनों ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक गणेश शंकर पांडेय के पिता अवधेश पांडेय की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज किया।