देवरिया (ब्यूरो)। रामपुर कारखाना और तरकुलवा इलाके में वाहन दुर्घटना में दो लोगों की जान चली गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सदर कोतवाली, मुड़ाडीह गांव के रामसुचित रविवार की शाम साइकिल से भीमपुर गौरा चौराहे की तरफ गए थे। देर शाम वह लौट रहे थे। तभी ट्रक की चपेट में आ गए। आसपास के लोगों ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
गोरखपुर ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। तरकुलवा थानाक्षेत्र के गढ़रामपुर निवासी अजय सैनी कोतवाली के अहिर परसिया गांव में अपनी ससुराल आए थे। देर शाम वह साले गोलू की बाइक से घर जा रहे थे। कोतवाली थानाक्षेत्र के इजरही गांव के समीप चार पहिया वाहन की चपेट में आ गए। मौके पर ही अजय की मौत हो गई। जबकि गोलू गंभीर रुप से घायल हो गया।
उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तरकुलवा थानाक्षेत्र के पथरदेवा में बेकाबू बोलेरो ने बाइक में ठोकर मार दी। हादसे में तीन लोग घायल हो गए। उन्हें स्थानीय अस्पताल में उपचार के लिए भेज गया है। पुलिस ने चार पहिया को अपने कब्जे में ले लिया है।