लार। पुलिस की चौकसी के बाद भी लार में उपद्रवी अपनी आदत से बाज नहीं आ रहे। शनिवार को एक पान की दुकान में धार्मिक फोटो के पास किसी ने जानवर का मांस रख दिया। इससे नगर का माहौल गरमा गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे कब्जे में ले लिया और लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया।
पुलिस की चूक से मेहरौना में मूर्ति विसर्जन के दौरान बवाल हो गया था। इसके बाद लार और मेहरौना में तनाव बढ़ गया। इसे देखते हुए लार व मेहरौना में पुलिस व पीएसी की ड्यूटी लगा दी गई। लार नगर के तिराहे पर मुकुंदी की पान की दुकान है। इसमें धार्मिक फोटो लगा है। रोज की तरह शुक्रवार की रात मुकुंदी दुकान बंदकर घर चला गया।
सुबह आया तो धार्मिक फोटो के पास किसी ने मांस रख दिया था। इसकी सूचना फैलते ही लोगों की भीड़ जुट गई। आनन-फानन में पुलिस ने मांस को कब्जे में ले लिया। इसकी चर्चा नगर में पूरे दिन रही।
सूत्रों की मानें तो लार में फिर बवाल कराने के लिए कोई ऐसा कर रहा है। एसओ अंशुमान यदुवंशी ने बताया कि कोई मांस लाकर दुकान के अंदर रख दिया था। उसे हटवा दिया गया और पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।