देवरिया। सुभाष चौक पर दरोगा के साथ मारपीट करने वाले छात्र के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर जेल भेज दिया है। हालांकि विवाद की असली वजह बने ट्रेनिंग दरोगा को क्लीनचिट मिल गई। वहीं गौरीबाजार में बवाल करने वाले दस लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बुधवार की रात साढे़ आठ बजे के करीब सुभाष चौक और मालवीय रोड का यातायात ठप था।
लेकिन गरुणपार मोहल्ला निवासी अभिजीत बरनवाल उसी रास्ते से गुजर रहा था। इस दौरान ट्रेनिंग दरोगा ने अभिजीत को थप्पड़ जड़ दिया। जिसके बाद मामला बिगड़ गया। अभिजीत ने भी एक दरोगा की पिटाई कर दी। इस मामले में उप निरीक्षक जयशंकर पांडेय ने तहरीर दी कि आरोपी युवक ने सरकारी काम में बाधा डालते हुए मारपीट की है। अभिजीत के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर जेल भेज दिया।
वहीं दूसरी घटना गौरीबाजार के अमारीझांगा की है। गांव के रहने वाले सुरेश प्रसाद ने थाने मेें तहरीर दी कि हरिलाल सहित दस लोगों ने पुरानी रंजिश में घर पर धावा बोल दिया और गाली देते हुए मारपीट की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ बलवा, घर में घुसकर मारपीट सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।