देवरिया। शहर के रघवापुर शोभा गैस एजेंसी के पास एक बंद मकान का ताला तोड़कर चोर नकदी सहित तीन लाख रुपये का सामान चुरा ले गए। सुबह मकान मालिक जब पहुंचे तो उन्हें चोरी की जानकारी हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कोतवाली थानाक्षेत्र के रघवापुर शोभा गैस एजेंसी के पास शाह आलम परिवार के साथ रहते हैं। बरसात होने के कारण उनका पूरा परिवार दूसरे मकान में चला गया था। रात में चोर घर का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए। चोर घर में रखा जेवरात, एलईडी, कपड़ा, सहित करीब तीन लाख रुपये का सामान चुरा ले गए।
शाह आलम ने बताया कि सुबह परिवार के लोग जब मकान पर पहुंचे तो ताला टूटा था। जानकारी होने पर परिवार के अन्य लोग भी पहुंचे और सूचना पुलिस को दी। मौके पर चार सिपाही पहुंचे और घटना स्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रेलवे मालगोदाम से ट्रक हुआ चोरी
देवरिया। सदर रेलवे स्टेशन के पास माल गोदाम पर खड़ा ट्रक चोरी चला गया। कोतवाली, सिंधी मिल कालोनी निवासी शिवशंकर गुप्ता ट्रक मालिक हैं। उनकी ट्रक सदर स्टेशन के माल गोदाम से लोड होकर अन्य जगहों पर जाती है। मंगलवार की रात चालक गाड़ी खड़ी कर सोने चला गया।
रात किसी समय चोर ट्रक चुरा ले गए। सुबह मालिक को चोरी की जानकारी हुई। चोरी की सूचना पर कई ट्रक चालक मौके पर पहुंचे और सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू की। ट्रक चालक ने थाने में चोरी की तहरीर दी। शहर कोतवाल अनिल पांडेय ने बताया कि दोनों जगहों पर चोरी की सूचना मिली है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।