कंचनपुर। मुंबई से काम कर घर लौट रहे युवक का शव पेड़ में लटकता मिला। उधर से गुजर रहे लोगों ने घटना की सूचना तरकुलवा पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव शिनाख्त के बाद घरवालों को आत्महत्या की जानकारी दी। पुलिस मौत की वजह तलाश रही है। परिवारवाले कुछ भी बोलने से इंकार कर रहे हैं।
कुशीनगर, कसया इलाके के पिपराझाम गांव निवासी विवेक गुप्ता मुंबई में काम करता था। सोमवार की शाम वह मुंबई से घर लौटा। कसया पहुंचने के बाद उसने चाचा के पास फोन किया और उन्हें पांच हजार रुपये देकर गोरखपुर जाने की बात कहकर निकल गया। रात 12 बजे के करीब विवेक ने भाई के पास फोनकर हालचाल पूछा। उसके बाद अपना मोबाइल बंद कर दिया।
मंगलवार की सुबह तरकुलवा थानाक्षेत्र के रामपुर खास गांव के बाहर एक पेड़ से युवक की लाश लटकती देख गांव के लोगों ने सूचना पुलिस को दी। मौके पर इंस्पेक्टर फोर्स के साथ पहुंचे और शव को कब्जे में लिया।
शाम को सीओ सुशील सिंह भी गांव पहुंचे और मामले की जांच की। पुलिस ने मौके से युवक को मोबाइल, बैग सहित अन्य सामान बरामद कर परिवारवालों के हवाले कर दिया। पिपराझाम और रामपुर खास गांव की दूरी मात्र तीन किलोमीटर बताई जा रही है।
युवक रामपुरखास गांव कैसे पहुंचा। इस बात की जानकारी पुलिस जुटा रही है। गांव के लोग हत्या के बाद शव को पेड़ से लटकाने की बात कह रहे हैं। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की, लेकिन घर के लोग कुछ भी बोलने से इंकार कर रहे हैं। इंस्पेक्टर ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा। परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।