नेशनल हाईवे पर ट्रक चालकों पर हमला करके लूटपाट करने वाले दो शातिर लुटेरों को पुलिस की गिरफ्तार कर लिया है।
बुधवार की रात गौरीबाजार, क्राइम ब्रांच की टीम ने पंजाब के रहने वाले दोनों बदमाशों को रामपुर चौराहे पर लूट की योजना बनाते पकड़ा।
उनके पास से दो तमंचा बरामद हुआ। दोनों फैजाबाद के रुदौली एरिया में ट्रक चालक पर हमला कर तीस टन चाय पत्ती लूटने के मामले में आरोपी हैं।
गौरीबाजार एसओ अनिल पांडेय, क्राइम ब्रांच टीम के घनश्याम सिंह की टीम ने रामपुर चौराहे पर मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर रखी थी।
शराब भट्ठी के पास दो संदिग्ध पुलिस को देेखकर भागने लगे। घेराबंदी कर उन्हें पकड़ा गया।
उनकी पहचान रोहित उर्फ गुलजार निवासी नतपुरिया, थाना सदर बटाला जिला गुरुदासपुर और निसान सिंह उर्फ जस्सा, जौलधन थाना अलगो काठी कच्चा पक्का, जिला तरनतारण, पंजाब के तौर पर की गई है।
पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
घटना को खुलासा करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 20 दिसंबर 2015 को फैजाबाद के रुधौली नवीन मंडी के पास बदमाशों ने चाय पत्ती लदा ट्रक लूटा था।
बदमाशों ने चालक और खलासी के हाथ पैर बांधकर तीन दिनों तक बंधक बनाए रखा था।
जालौन में संतोष सिंह यादव के यहां माल उतारने के बाद लुटेरे जालौन के जालंधर रोड पर गाड़ी छोड़कर फरार हो गए थे।
एएसपी ने बताया कि रोहित के ऊपर कुशीनगर के तुर्कपट्टी, कसया, बिहार के पूर्वी चंपारन, फैजाबाद में केस दर्ज हैं। जबकि जस्सा कुशीनगर और रुदौली की घटना में आरोपी है।
इनके अलावा हाईवे गैंग के अन्य सदस्यों में पंजाब के जसवंत सिंह, जालौन के नंदीगांव परासनी निवासी संतोष सिंह यादव और पंजाब जालंधर के गैंग सरगना संतरी सिंह उर्फ कुलवंत सिंह शामिल है।
संतरी सिंह ने लूट के मामले में देवरिया कारागार में बंद है।