देवरिया। छात्रसंघ चुनाव की शुरुआत होते ही विवाद साथ जुड़ गए। कॉलेज से पर्चा दाखिल कर लौट रहे छात्रों ने हवाई फायरिंग कर सनसनी फैला दी। घटना गुरुवार दोपहर को साकेतनगर मोहल्ले में हुई। गोली की आवाज सुनकर जब मोहल्ले के लोगों ने पड़ताल शुरू की तो फायरिंग की पुष्टि हो गई। हालांकि कुछ छात्रों ने पटाखा फोड़े जाने की बात कहीं। छात्रों की संख्या देख मोहल्ले के लोग चुप रहे।
छात्रसंघ चुनाव की रणभेरी बजते ही चुनाव के दावेदारों ने ताकत झोक दी है। गुरुवार को संत विनोवा पीजी कॉलेज में विभिन्न पदों के लिए पर्चा दाखिल होना था। कॉलेज में चुनाव की सरगर्मी बढ़ गई थी। कई छात्रनेता जुलूस निकालकर पर्चा दाखिल करने पहुंचे। दोपहर साढ़े बारह बजे पर्चा दाखिल कर छात्र लौट रहे थे। साकेत नगर, आबिदा हॉस्पिटल की गली में पहुंचे ही फायरिंग शुरू कर दी।
चार से पांच राउंड फायरिंग से मोहल्ले में सनसनी फैल गई। भागकर लोग बाहर निकले तो नारेबाजी करते हुए छात्रों को हुजूम निकल रहा था। पूछताछ शुरू हुई तो कुछ लोगों ने छात्रों ने पटाखा फोड़े जाने की बात कहीं। जबकि मोहल्ले के लोगों का दावा है कि फायरिंग रिवाल्वर से की गई। कोतवाली पुलिस ऐसे की किसी भी सूचना से इंकार कर रही है।
कोतवाल ने बताया कि जुलूस पर पुलिस की नजर थी। सुरक्षा को लेकर पुलिस सतर्क है। फायरिंग के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। ऐसे छात्रनेताओं को चिहिन्त किया जाएगा। तहरीर पर कार्रवाई होगी।