देवरिया (ब्यूरो)। देवरिया जिला कारागार की खराब पड़ी वीडियो कांफ्रेंसिंग व्यवस्था को दुरुस्त कराए जाने के बाद शनिवार को दोपहर डेढ़ बजे पूर्व सांसद की वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए कोर्ट में पेश हुई। अतीक को इलाहाबाद उच्च न्यायालय में होना था। जिला कारागार की खराब पड़ी वीडियो कांफ्रेंसिंग व्यवस्था को आईजी जेल के निर्देश पर सही कराया गया।
इसकी मुख्य वजह एक सप्ताह के अंदर अतीक को इलाहाबाद न्यायालय में शनिवार को तीसरी बार पेश होना था। इससे पूर्व वीडियो कांफ्रेंसिंग व्यवस्था खराब होने के चलते पूर्व सांसद अतीक अहमद को कोर्ट में पेशी के लिए दो बार सुरक्षा व्यवस्था के बीच इलाहाबाद ले जाना पड़ा था। सुरक्षा व्यवस्था में लगे एक पुलिस कर्मी ने बताया कि इलाहाबाद के सीमा में प्रवेश करते ही उसके समर्थक गाड़ी के पीछे लग जाते थे। इस दौरान काफी अव्यवस्था भी फैल जाती थी।
इससे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी खतरा हो जाता था। किसी तरह दो बार उसकी पेशी इलाहाबाद में हो गई, लेकिन इस की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी गई थी। पुलिसकर्मियों की परेशानियों को संज्ञान में लेते हुए आईजी जेल ने जेल प्रशासन को निर्देश दिया था कि अतीक की अगली पेशी से पहले वीडियो कांफ्रेंसिंग की व्यवस्था को ठीक कराया जाए, ताकि अगली पेशी वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए कराई जा सके। जेलर आनंद सिंह ने बताया कि वीडियो कांफ्रेंसिंग के ठीक होने के बाद शनिवार को उसकी पेशी इसी के जरिए कराई गई।