देवरिया में आग ने मंगलवार को भी किसानों पर कहर बरपाया। सलेमपुर में तीन गांवों में लगी आग से पंद्रह एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। लोगों ने सक्रियता नहीं दिखाई होती तो कई सौ एकड़ गेहूं की फसल आग की भेंट चढ़ गई होती। फायर ब्रिगेड ने लोगों के सहयोग से आग पर काबू पाया। रामनगर और रावतपार अमेठिया में हुई आगलगी घटनाअभी लोग भूल नहीं पाए थे कि मंगलवार को श्रीराम कोरड़ा गांव में बीड़ी की चिंगारी से आग लग गई। आग फैलकर पड़ोस के गांव सेमरा घुसरी पहुंच गई।
दोनों गांव के करीब दस एकड़ फसल जलकर राख हो गई। कई गांव के लोगों के प्रयास के बाद आग बुझाया गया। इसके अलावा महदहा गांव में आग लगने से पांच एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। वहीं मईल के गहिला गांव में लगी आग में धनंजय यादव, अमरजीत यादव, शंभू यादव और रमेश की रिहायसी झोपड़ी जलकर राख हो गई। इसके अलावा गेहूं की डंठल में लगी आग से तीन घंटे तक गांव वाले परेशान रहे।
भाटपाररानी। खारीडीहा में मंगलवार को चूल्हे की चिंगारी से आग लग गई। पछुवा हवा में तीन लोगों की छह झोपड़ियां सहित लाखों का सामान जल कर राख हो गया। दो भैंसें, कई बकरियां जल गईं। सैकड़ों गेहूं के बोझे आग की भेंट चढ़ गए। ग्रामीणों तथा अिग्नशमन िवभाग की की गाड़ी ने आग बुझाई।
ग्राम खारीडीहा निवासी राजदेव यादव क ी रिहायसी झोंपड़ी में चूल्हे की चिंगारी से अचानक आग लग गई। इससे झोंपड़ी में आग लग गई।
तेज पछुवा हवा में आग फैल कर उनकी बगल की झोंपड़ी में भी लग गई। आग फैल कर बगल के राजमंगल की झोंपड़ी में भी लग गई। इनके घर 29 को शादी थी। 25 हजार नगद सहित इनका भी सारा सामान जल कर राख हो गया। आग से किशोर की झोंपड़ी में रखा उनका भी सारा सामान जल कर राख हो गया। इसके बाद आग से समिंदर, मदन, जवाहर, सुनीता, सुनील, मुन्ना, बबन, ददन, ललन, सुरेन्द्र, बिजेन्द्र, दीपक के1500 गेहूं के बोझ जला गए। आग बुझाते समय राजमंगल यादव, सुरेन्द्र यादव,तथा रमावती देवी झुलस गए।
मदनपुर/एकौना। क्षेत्र में आग का तांडव रुकने का नाम नहीं ले रहा। आठवें दिन भी रुद्रपुर इलाके गांवों में आग लगने से खलबली मची रही। पकड़ी बाजार क्षेत्र के एक दर्जन गांवों के सरेह में आग लगने से दस एकड़ गेहूं जलकर राख हो गई। मरवटिया राजा और पचलड़ी में रिहायशी घर जलकर नष्ट हो गए। आग को देख गांव के लोगों में दहशत बनी रही।
कुसुम्हा गांव के सरेह में मंगलवार की दोपहर आग लग गई। गांव आबादी की ओर बढ़ता देख लोगों के होश उड़ गए। गांव के युवक आग बुझाने को खेतों की ओर दौड़ पड़े। लोग पंपिंगसेट चालू कर आग बुझाने में लग गए। आग की चपेट में आने से मरवटिया राजा के रामछबीला चौबे, ब्रम्हानंद चौबे, राजीत हरिजन, रणविजय चौबे, गोलऊथा के चंद्रभूषण मिश्रा और शनिचरी देवी का घर जलकर राख हो गया।
मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड की गाड़ी भी आग बुझाने में जुट गई। पछुवा हवा शांत होने पर आग पर काबू पाया जा सका। पचलड़ी गांव में भागीरथी यादव का मकान जल कर राख हो गया। आग बगल में मछली भूने जाने के दौरान उठी चिंगारी से लगी। गांव वालों ने आग को काबू में किया।