दो गुटों के बीच विवाद, फायरिंग
- फोटो : ANI
देवरिया के सोनूघाट चौराहे पर वर्चस्व को लेकर दो गुटों के बीच विवाद हो गया। घटना मंगलवार शाम की है। एक दुकान में तोड़फोड़ करने के बाद मनबढ़ों ने हवा में गोली चलाकर सनसनी फैला दी। गोली की आवाज सुनकर चौराहे पर अफरातफरी मच गई। मौके पर पहुंचे शहर कोतवाल ने मामले की जांच की। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर फायरिंग का आरोप लगाया है।
लालबाबू सिंह का सोनूघाट चौराहे पर मकान और दुकान है। दो दिन पहले लालबाबू के कर्मचारी शंकर से कुछ लोगों का विवाद हो गया। दोनों पक्ष के लोग एक दूसरे को देख लेने की धमकी दे रहे थे। मंगलवार को दोनों गुटों के लोग आमने-सामने हो गए। शाम को कुछ लोग लालबाबू के दरवाजे पर चढ़कर मारपीट और फायरिंग शुरू कर दी। लालबाबू के बगल में पुलिस लाइंस में तैनात कर्मचारी के बेटे दुर्गेश की भी दुकान है वह भी बीच बचाव करने गया। मनबढ़ों से उसे भी पीट दिया। दुर्गेश गंभीर रुप से घायल हो गया। गोली चलने से अफरातफरी मच गई।
आरोप है कि थोड़ी देर बाद दूसरे पक्ष के लोगों ने सिब्बू नाम के युवक को खोजते हुए पहुंचे और फायरिंग शुरू कर दी। सोनूघाट चौराहे पर दोनों तरफ से फायरिंग की सूचना पर प्रभारी कोतवाल अनिल कुमार पांडेय पहुंचे और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। चौराहे पर मौजूद लोगों ने हवाई फायरिंग किए जाने की बात पुलिस को बताई। मारपीट में ऊषा देवी को चोटें आई। बताया जाता है कि कट्टे के बट से कुछ लोगों ने महिला के ऊपर हमला कर दिया था। शहर कोतवाल अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि युवकों के गुटों के बीच आपसी रंजिश को लेकर मारपीट हो गई। एक दुकान में तोड़फोड़ हुई। पूछताछ में हवाई फायरिंग की बात सामने आ रही है। दोनों पक्ष एक दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं । केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।