एकौना के पचलड़ी गांव में आई एक बारात में संगीत कार्यक्रम के दौरान फरमाइश गीत को लेकर बाराती और गांव वालों में मारपीट हो गई। जिसमे तीन युवक घायल हो गए। घायलों में बारात पक्ष के एक युवक की हालत गंभीर बनी है। उनका इलाज मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में चल रहा है।
गांव के राजेश पाल की बेटी की बारात बुधवार की रात गोरखपुर के पादरी बाजार से आई थी। रात करीब 11 बजे विवाह समारोह में संगीत कार्यक्रम में कुछ युवक एक गीत पर नृत्य करने की फरमाइश करने लगे। जिसका कुछ लोगों ने विरोध किया। इस बात को लेकर कहासुनी के बाद मारपीट होने लगी। बारात और गांव वालों लाठी डंडे से मारपीट करने लगे। माहौल तब बिगड़ गया जब बीच बचाव करने आए एक जन प्रतिनिधि की बारातियों ने पिटाई कर दी।
गांव के दो युवकों को चोट आई। जबकि बारात पक्ष से आए बंटी पाल के सिर में चोट आई। उसे रुद्रपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उसे गोरखपुर रेफर कर दिया।