गोदान एक्सप्रेस से कटकर युवक की मौत।
सलेमपुर में ईयर फोन लगाकर रेलवे ट्रैक पार कर रहे एक युवक की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। हादसे के बाद रेलवे ट्रैक पर लोगों की भीड़ जुट गई और बीस मिनट तक दक्षिणी होम सिग्नल के समीप मालगाड़ी खड़ी रही। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे जीआरपी के जवानों ने आवश्यक कार्रवाई की।
गोपालपुर गांव के वीरेंद्र प्रसाद (35) सोमवार को सलेमपुर किसी काम से आया था। काम निपटाने के बाद वह पैदल ही ईयर फोन लगाकर गाना सुनते हुए घर जा रहा था। करीब 8.45 बजे रेलवे स्टेशन के दक्षिणी होम सिग्नल के समीप ट्रैक पार कर रहा था कि उसी समय गुजर रही अप गोदान एक्सप्रेस की चपेट में आ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ईयर फोन लगाने की वजह से ट्रेन का हार्न उसे सुनाई नहीं दिया और हादसे का शिकार हो गया। जानकारी होते ही उसके गांव गोपालपुर और ससुराल पिपरा नाजिर वार्ड के लोगों की भीड़ जुट गई।
वीरेंद्र प्रसाद की मौत के बाद घर वालों में चीखपुकार मच गई। वीरेंद्र प्रसाद की पांच बेटी और एक बेटा है। वह ठेला चलाकर अपने परिवार का भरण पोषण करता था। उसकी मौत की खबर सुनकर पत्नी मंजू का रोते-रोते बुरा हाल हो गया । इसकी वजह से वाराणसी के तरफ से आ रही मालगाड़ी करीब 20 मिनट तक आउटर पर खड़ी रही। भटनी जीआरपी एसओ ने बताया कि ट्रैक पार करते वक्त ट्रेन से कटकर युवक की मौत हो गई।